अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी पुलिस ने गौ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। मेचका थाना पुलिस ने जंगल रास्ते ओडिशा ले जाए जा रहे 32 मवेशियों को मुक्त कराया। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। बिना चारा-पानी दिए लाठी-डंडों से हांके जा रहे गौवंश को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
विवरण : थाना मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांकते हुए ओडिशा के नवरंगपुर ले जा रहे हैं। पुलिस ने अरसीकन्हार-खालगढ़ मार्ग पर जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। मौके से 32 गौवंश बरामद हुए, जिनका अनुमानित मूल्य 82 हजार रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम सेन, देवशरण और ओंकार ठाकुर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की। अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।



