अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास, वैश्विक निवेश और रोजगार सृजन के स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर चुका है। राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों और सुगम व्यवसायिक वातावरण का परिणाम है कि आज छत्तीसगढ़ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है।
विवरण: चिमनानी ने बताया कि राज्य में औद्योगिक विस्तार को गति देने के लिए अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश हेतु कुल 280 परियोजनाओं के सहमति पत्र हस्ताक्षरित किए जा चुके हैं। कुल 280 परियोजनाओं में से 55 प्रतिशत पर परियोजनाओं पर निवेशकों को जमीन देने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है या प्रगति पर है। सभी निवेश प्रस्तावों और परियोजनाओं के पूर्ण रूप से स्थापित होने पर राज्य में 1.6 लाख से अधिक नवीन प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
औद्योगिक नीति के तहत वर्ष 2023 से 2026 के मध्य राज्य की 6310 औद्योगिक इकाइयों को कुल 1594.97 करोड़ रुपये की पूंजीगत एवं ब्याज सब्सिडी वितरित की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश की 3503 इकाइयों ने स्टाम्प शुल्क और विद्युत शुल्क में मिलने वाली विशेष छूट का सीधा लाभ प्राप्त किया है। विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित सिंग फोरम में भाग लेने के लिए पूरे देश से केवल दो राज्यों छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया जाना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। मुख्यमंत्री का जापान दौरा अत्यन्त फलदायी साबित हुआ है। जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के साथ निरन्तर संवाद के बाद जुलाई माह में जेट्रो की उच्चस्तरीय टीम ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया।



