Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
राज्यपाल रमेन डेका रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित रोल बोल यूथ कॉन्क्लेव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, मानवीय मूल्य, नवाचार और तकनीक का जिम्मेदार उपयोग जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी है। राज्यपाल ने युवाओं को एआई और सोशल मीडिया का समझदारी से उपयोग करने, फेक न्यूज, भ्रामक सामग्री और डीपफेक से सतर्क रहने की सलाह दी।
विवरण : राज्यपाल ने कहा कि सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों से नहीं, बल्कि परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों और समाज के साथ बनाए गए अच्छे संबंधों से भी मापी जाती है। उन्होंने युवाओं को हार से सीख लेकर कठिन परिश्रम करने, वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने और अपनी मौलिक सोच को विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक कितनी भी उन्नत हो, वह मानवीय संवेदनाओं और मूल्यों का स्थान नहीं ले सकती।
रोल बोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन 4 अक्टूबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ। कॉन्क्लेव की केंद्रीय थीम “द लाइफ यू चूज़” रखी गई, जिसमें करियर, रिश्ते, महत्वाकांक्षा, पहचान और बदलती दुनिया में युवाओं के विकल्पों पर संवाद तय था। कार्यक्रम में कौशल उन्नयन, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संगीतकार मोंटी शर्मा, तथा राजनीति, मीडिया, उद्योग और सिनेमा से जुड़ी हस्तियां शामिल रहीं।




