• Wed. Oct 7th, 2026
Spread the love

Amrit Today , Bilaspur Chhattisgarh

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर नगर निगम में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। अरपा नदी को प्रदूषण से बचाने शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार की समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण करने को कहा। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्था को और बेहतर बनाने कार्ययोजना तैयार करने कहा।

विवरण: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर कलेक्टोरेट में आयोजित बैठक में बिलासपुर नगर निगम के कार्यों की गहन समीक्षा की। अरपा नदी को प्रदूषण से बचाने शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार की समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। विस्तृत डीपीआर तैयार कर सभी तकनीकी पहलुओं का सूक्ष्म परीक्षण करने को कहा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और सूडा सीईओ सुमित अग्रवाल बैठक में मौजूद थे। प्रमुख सचिव ने अरपा नदी में नालों के जरिए पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के उपायों की जानकारी ली। 70 नाले अरपा नदी में मिलते हैं। दूषित पानी सीधे नदी में न पहुंचे, इसके लिए प्रभावी और दीर्घकालीन समाधान जरूरी है। नालों के पानी का समुचित उपचार कर ही नदी में प्रवाहित करने की व्यवस्था विकसित की जाए। प्रत्येक नाले की स्थिति और पानी की मात्रा का आकलन कर उपचार एवं आवश्यकतानुसार ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में लगातार सुधार दिखे। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। एजुकेशन हब नालंदा परिसर की प्रगति की जानकारी ली। 500 लोगों की बैठक क्षमता वाले परिसर को आधुनिक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रथम तल के स्लैब का कार्य पूरा हो गया है तथा द्वितीय तल के स्लैब का कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बिलासपुर में अधोसंरचना मद के अंतर्गत कुल 542 कार्य स्वीकृत हैं। इनमें 334 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 182 प्रगतिरत हैं तथा 26 कार्य अप्रारंभ हैं। प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने कलेक्टर, एसएसपी और निगम आयुक्त के साथ तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। आईटीएमएस की पूरी कार्यप्रणाली व संचालन देखा। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को उपयोगी बताते हुए शहर के यातायात और सुरक्षा को और भी चाक-चौबंद करने व्यवस्था को और बेहतर बनाने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply