• Sun. Nov 1st, 2026

धमतरी पुलिस का गौ-तस्करों पर बड़ा प्रहार: दो वाहनों में ठूंसकर ले जाए जा रहे 13 गौवंश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार…..

Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी के मगरलोड में पुलिस ने गौ-तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। दुर्घटनाग्रस्त दो वाहनों में अमानवीय ढंग से भरकर ले जाए जा रहे 13 गौवंश बरामद किए गए। एक बछड़े की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 गौवंशों को गौशाला में सुरक्षित पुनर्वासित कराया गया। दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं।

विवरण : धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ-तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दो चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े हैं, जिनमें अवैध रूप से गौवंशों का परिवहन किया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गवाहों की उपस्थिति में वाहनों की जांच की। बिना नंबर प्लेट वाले टाटा योद्धा 1700 के डाले में 7 और बोलेरो मैक्स पिकअप में 6 गौवंश मिले। कुल 13 गौवंशों को बिना चारा-पानी के अत्यंत क्रूर तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। परिवहन के दौरान दम घुटने और दुर्घटना के कारण एक बछड़े की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने पशु चिकित्सक से 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मृत बछड़े का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद सभी जीवित गौवंशों को गरियाबंद जिले के हाथबाय स्थित गुरु गायत्री गौशाला में सुरक्षित पुनर्वासित कराया गया।
विवेचना के दौरान दोनों वाहन चालकों की संलिप्तता पाए जाने पर मधु शंकर लहरे और अजय बंजारे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अनुमानित 6 लाख रुपये कीमत के दोनों वाहन जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply