अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़
धमतरी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कल 15 नवंबर से शुरू होगी। जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने टोकन कटवाए हैं। प्रशासन ने पारदर्शी और सुविधाजनक खरीदी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएं मजबूत की हैं।
विवरण : धमतरी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य कल 15 नवंबर से शुरू होगा। जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों को सुविधा, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित उपार्जन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर हर केंद्र की व्यवस्थाओं का सत्यापन किया है।

खरीदी के पहले दिन जिले के 550 से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवाए हैं। पहले दिन इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक डिवाइस, आर्द्रतामापी, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट और बैकअप व्यवस्था की जांच की गई है। तौल उपकरणों का विधिक माप विज्ञान विभाग से सत्यापन भी कराया गया है।
केंद्रों में बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, धान भंडारण के लिए चबूतरे, तारपोलिन, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसान पंजीयन, पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, समर्थन मूल्य की जानकारी, निगरानी समिति और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी केंद्रों में उपलब्ध कराई गई है। आमदी उपार्जन केंद्र में 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट, 30 हजार नए बारदाने और 1,318 किसानों का पंजीयन दर्ज है। प्रशासन का लक्ष्य है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी रहे। अब कल से उपार्जन केंद्रों में किसानों की आमद के साथ धान खरीदी का आगाज होगा।



