• Tue. Nov 17th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़

रायपुर में इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक शुभारंभ हुआ। सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज में रायपुर संभाग की 12 टीमें मैदान पर उतरीं। पहले दिन छह मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जोश और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कल सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके बाद राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए टीम चयन होगा।

विवरण : छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इंटर कॉलेज फुटबॉल पुरुष प्रतियोगिता का शुभारंभ सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज, रायपुर में हुआ। प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के 12 महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक पुरंदर मिश्रा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में फादर शांति प्रकाश पन्ना और प्राचार्य दिलीप लकरा उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे ने आगंतुकों का स्वागत किया और महाविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि ने शिक्षा के साथ खेलकूद को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।

प्रतियोगिता के पहले दिन छह रोमांचक मुकाबले खेले गए। साइंस कॉलेज रायपुर ने दिशा कॉलेज को 1-0 से हराया। पंडित हरिशंकर शुक्ल महाविद्यालय ने मेक कॉलेज को पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से पराजित किया। आदर्श कॉलेज मंडी ने पीजी कॉलेज धमतरी को 4-0 से शिकस्त दी। नेताजी सुभाष कॉलेज अभनपुर ने छत्तीसगढ़ महाविद्यालय को 1-0 से हराया। शासकीय महाविद्यालय कुरूद ने हरिशंकर महाविद्यालय को 5-0 से जीता, जबकि विप्र महाविद्यालय ने साइंस कॉलेज रायपुर को 6-0 से पराजित किया। आयोजन सचिव मुकेश कुमार सिन्हा और दुर्गाशीष मिश्रा ने बताया कि कल सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए रायपुर सेक्टर की टीम का चयन किया जाएगा। इस अवसर पर डायरेक्टर फादर अमित तिर्की, उप प्राचार्या डॉ. जी पदम गौरी, विभाग अध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You Missed