अमृत टुडे, कांकेर छत्तीसगढ़
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कांकेर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा और सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा की।

विवरण: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि रहे, जबकि सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक आशाराम नेताम, विक्रम देव उसेंडी, बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज के आंगादेव की परंपरानुसार पूजा-अर्चना की। उन्होंने बिरसा मुंडा के साहस, त्याग और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा आदिवासी समाज के हितों के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी स्मरण किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया, ताकि जनजातीय नायकों के योगदान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान मिले। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम जनमन योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास को गति दी जा रही है।
इस अवसर पर उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपए और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जिले की प्रमुख विभूतियों एवं प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।



