अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 2026-27 के दौरान किसानों की रकबा, खसरा और फसल प्रविष्टि संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है। समिति स्तर पर खसरा मैपिंग और एग्री स्टेक से भूमि विवरण सिंक की सुविधा से किसानों को तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने से बचाया जा रहा है।
विवरण : धान खरीदी वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों की समस्याओं और शिकायतों पर शासन ने जिला स्तर तक प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है। भू-अभिलेख, विपणन और सहकारिता विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं, ताकि किसी पंजीकृत किसान को धान बेचने में परेशानी न हो।
एग्री स्टेक और डिजिटल फसल सर्वेक्षण से जुड़े रकबा सुधार के मामलों में अब किसानों को तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। समिति मॉड्यूल में खसरा मैपिंग और एग्री स्टेक से भूमि विवरण सिंक का विकल्प दिया गया है। इसके जरिए समिति ऑपरेटर छूटे खसरे जोड़ रहे हैं और तहसीलदारों के अनुमोदन के बाद विवरण अपडेट हो रहा है। प्रदेश की 12 तहसीलों में ग्राम सभाओं से प्राप्त 8,202 दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
बालोद जिले में शून्य रकबा वाले 5,743 किसानों में से 3,140 का सुधार हो चुका है। डिजिटल फसल सर्वेक्षण के लंबित खसरे 13 नवंबर के 31,338 से घटकर 20 नवंबर तक 13,805 रह गए हैं। कांकेर के कोयलीबेड़ा क्षेत्र के 243 प्रभावित किसानों में से 49 का सुधार पूरा हो चुका है।
पटवारियों की हड़ताल के बावजूद किसानों का काम न रुके, इसके लिए तहसीलदारों की आईडी सक्रिय की गई हैं और दावा-आपत्तियों के भौतिक सत्यापन हेतु राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। भंडारण और सुरक्षा के लिए दुर्ग में 21 नए केंद्रों सहित कुल 123 केंद्र संचालित हैं। कबीरधाम में सीसीटीवी कैमरों के अलावा अतिरिक्त कैमरे और चौकीदार लगाए जा रहे हैं।
सक्ती जिले में तौल की शिकायत सही पाए जाने पर खरीदी प्रभारी को हटाकर नए प्रभारी की नियुक्ति की गई है। राजनांदगांव में अधिक नमी वाला धान पंचनामा बनाकर सुखाने व साफ करने की सलाह के साथ लौटाया गया। कांकेर के कोयलीबेड़ा के सभी छह उपार्जन केंद्रों में बारदाना, कंप्यूटर, नमी मापक और तौल उपकरण उपलब्ध हैं।
राज्य शासन ने किसानों से अपील की है कि रकबा, खसरा या फसल प्रविष्टि में त्रुटि होने पर वे समिति, ग्राम सभा में दावा-आपत्ति, कलेक्टर जनदर्शन या सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से तुरंत सूचना दें, ताकि समयबद्ध समाधान हो सके और समर्थन मूल्य पर निर्बाध व पारदर्शी धान खरीदी सुनिश्चित हो सके।



