Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
आम आदमी पार्टी ने सरकारी स्कूलों को पीपीपी मॉडल पर निजी संस्थाओं को सौंपने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। पार्टी ने कहा कि इस निर्णय से गरीब बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी और फीस बढ़ने का खतरा पैदा होगा। पार्टी ने सरकार से स्कूलों का निजीकरण रोकने की मांग की है।
विवरण : आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों को पीपीपी मॉडल पर निजी संस्थाओं और एनजीओ को सौंपने की तैयारी का विरोध किया है। प्रदेश प्रवक्ता विजय झा और जयदीप खनूजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि युक्ति युक्तीकरण के नाम पर हजारों स्कूल बंद करने के बाद अब सरकारी स्कूलों का निजीकरण गरीब बच्चों के शैक्षणिक अधिकारों के प्रति गंभीर चिंता का विषय है।
आम आदमी पार्टी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश के पांच संभागों के 207 सरकारी स्कूलों को पीपीपी मॉडल पर चलाया जाना प्रस्तावित है। इनमें 103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। स्कूलों का संचालन, रखरखाव और प्रबंधन निजी संस्थाओं के हाथ में होने की बात कही जा रही है। लीज अवधि 30 साल की होगी, जिसे 10 साल और बढ़ाया जा सकेगा।
पार्टी ने पूछा कि जब भवन, शिक्षक और छात्र सरकारी हैं, तो अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई सरकारी स्कूलों में ही क्यों नहीं शुरू की जा सकती। आम आदमी पार्टी ने सरकारी शिक्षकों को प्रशिक्षण, बेहतर पाठ्य सामग्री और गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति देकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की मांग की।
पार्टी ने कहा कि नए दाखिलों की फीस तय करने का अधिकार निजी संचालक को मिलने से गरीब, किसान, मजदूर और आदिवासी परिवारों के बच्चे प्रभावित होंगे। आम आदमी पार्टी ने सरकार से स्कूलों का निजीकरण रोकने और सभी बच्चों को सुगम, सस्ती व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।



