Amrit Today, Dhamtari Chhattisgarh
धमतरी पुलिस ने केरेगांव क्षेत्र के बाहनापथरा गांव में महिला की हत्या का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। खाना नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या का आरोप है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर हथियार भी बरामद किए हैं।
विवरण : थाना केरेगांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले का धमतरी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस को कोटवार हीरासिंग देवदास ने सूचना दी कि ग्राम बाहनापथरा कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी हैं। शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट के निशान देखे गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति राजकुमार कमार ने बताया कि वह मछली पकड़ने का जाल देखने गया था और लौटने पर पत्नी को घायल अवस्था में पाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। रिपोर्ट में धारदार एवं वजनी वस्तु से गंभीर चोट पहुंचाने को मृत्यु का कारण बताया गया, जिससे मामला हत्या का स्पष्ट हुआ।
विवेचना में सरपंच सत्यवान ध्रुव, कोटवार और घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों की जांच की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर सड़क किनारे स्थित सफेद बबूल के पेड़ के नीचे छिपाए गए टंगिया, छुरी और तीर बरामद किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 28/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। धमतरी पुलिस ने घरेलू विवाद में हिंसा न अपनाने और संयम से समाधान करने की अपील की है।



