Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ धमतरी में रुद्री से गंगरेल तक युवाओं की साइकिल रैली निकाली गई। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण पर आयोजित रैली में युवाओं ने नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और फिटनेस को अपनाने का संकल्प लिया। महापौर रामू रोहरा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विवरण : धमतरी में नशामुक्ति, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को युवाओं की भव्य साइकिल रैली निकाली गई। मेरा युवा भारत धमतरी के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। रैली रुद्री चौक से शुरू होकर गंगरेल तक चली। इसमें बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, स्वयंसेवक और नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

रैली के दौरान युवाओं ने नशामुक्ति, नियमित व्यायाम और खेल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अपर्णा शर्मा ने प्रतिभागियों को जुम्बा गतिविधि कराई, जिससे शारीरिक सक्रियता और फिटनेस के महत्व को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार साहू ने किया। जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने अतिथियों को पौधे भेंट किए और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। युवाओं से अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। यह रैली स्वस्थ समाज और नशामुक्त भारत के संकल्प का प्रतीक बनी



