रायपुर, 26 मई 2025
अमृत टुडे । भारत में मानसून ने तय समय से हफ्तेभर पहले दस्तक दे दी है. दक्षिण पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई है. छत्तीसगढ़ में 5 से 6 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है. नौतपा के पहले राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बदली और बारिश का मौसम रहा. और आज नौतपा का दूसरा दिन हैं । सुबह से ही बौछारें पड़ती रही. ठंडक से मिली राहत के बाद दोपहर को उमस ने लोगों को परेशान किया.

रायपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम विभाग ने तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है. बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. इस अवधि में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.

