अमृत टुडे,बसना छत्तीसगढ़ 26 अप्रैल 2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का आज देशभर में भव्य आयोजन हुआ। रायपुर दक्षिण विधानसभा के विनायक सिटी,भाटागांव (बूथ क्रमांक 203) में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रेरणादायक संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने उद्बोधन में जहाँ एक ओर देश की वैज्ञानिक प्रगति और डिजिटल जनगणना 2027 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की पावन धरा के वन्यजीव प्रेम का विशेष उल्लेख कर प्रदेशवासियों का मान बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में ‘काले हिरण’ (Blackbuck) के संरक्षण के लिए किए जा रहे सामुदायिक और प्रशासनिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जैव-विविधता की रक्षा के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताया।

प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि देश के प्रधान सेवक ने हमारे राज्य के संरक्षण प्रयासों को वैश्विक पटल पर सराहा है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत न केवल तकनीकी रूप से सुदृढ़ हो रहा है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को भी नई पहचान मिल रही है। उन्होंने काले हिरण के संरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता सदैव प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील रही है, और प्रधानमंत्री की यह शाबाशी हमारे संरक्षण प्रयासों को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगी।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ‘मन की बात’ की सराहना करते हुए आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हर संबोधन देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ता है। चाहे वह परमाणु ऊर्जा में आत्मनिर्भरता हो या डिजिटल जनगणना के माध्यम से पारदर्शी भारत का निर्माण, प्रधानमंत्री जी का विजन हमेशा भविष्योन्मुखी और समावेशी रहता है।
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री द्वारा दी गई सीख, विशेषकर पर्यावरण संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को हमें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने की शपथ ली।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित आमजन ने भी मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया।
