अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़ 28 अप्रैल 2026 । युवा उत्साह से सुशासन की ओर: धमतरी प्रशासन ने फील्ड विजिट पर जोर दिया। सुशासन तिहार में भूमि विवाद से पेंशन तक की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा।
विवरण: धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित कर “युवा फेस्ट 2026” की सफलता पर सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने सीमित संसाधनों में टीमवर्क से जिले की सकारात्मक छवि मजबूत करने पर सराहना की और भविष्य में भी सक्रियता की अपेक्षा जताई। विभिन्न विभागों की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा के दौरान पारदर्शी क्रियान्वयन और समयबद्ध मॉनिटरिंग पर जोर दिया।
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक ‘सुशासन तिहार 2026’ चलेगा, जिसमें ग्राम पंचायतों व वार्डों में जन समस्या निवारण शिविर लगाकर भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन कार्ड जैसी शिकायतें मौके पर सुलझाई जाएंगी। 30 अप्रैल तक लंबित प्रकरण निपटाने और फील्ड भ्रमण बढ़ाकर जमीनी स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को हैंडपंप मरम्मत व जल गुणवत्ता पर फोकस, कृषि विभाग को खरीफ तैयारियों में खाद-बीज वितरण व कालाबाजारी रोकने को कहा।
खाद्य, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी विभागों को समन्वय व नवाचार अपनाने को निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत CEO गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह सहित एसडीएम व अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने जन समस्याओं के संवेदनशील समाधान को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।




