अमृत टुडे, रायपुर कमिश्नरेट , छत्तीसगढ़
02 जून 2026 । रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम व साइबर टीम ने Jeevansathi.com पर संपर्क कर महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवरात व नकदी पार कर देने वाले दो आरोपियों अभिनव सिंह व हितिन नरूला को अंतरराज्यीय कोशिशों के बाद गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण व मोबाइल जब्त किए गए हैं। आरोपी पर गंभीर धाराएँ दर्ज हैं।

विवरण :: खम्हारडीह निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि लगभग चार माह पूर्व Jeevansathi.com पर अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से उसकी ऑनलाइन पहचान हुई और दोनों के बीच मोबाइल पर संपर्क बना रहा। दिनांक 15.05.2026 को अभिनव ने जन्मदिन मनाने का बहाना कर घर आकर भोजन कराया; भोजन में नशीला पदार्थ मिलने से पीड़िता बेहोश हो गई। अगले दिन उठने पर उसने गले की चेन, अंगूठियाँ व आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब पाए। रिपोर्ट पर थाना खम्हारडीह में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) व क्षेत्रीय अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी व फील्ड जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण व Jeevansathi.com प्रोफाइल की जांच से आरोपियों की पहचान हुई। पहले हितिन नरूला को हरिद्वार से लोकेट कर गिरफ्तार किया गया; पूछताछ पर दिल्ली के पहाड़गंज से मुख्य आरोपी अभिनव सिंह पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने घटना की संलिप्तता स्वीकार की; आरोप है कि अभिनव ने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को बेहोश किया और घर से जेवरात चोरी कर भाग गया, जबकि हितिन रेलवे स्टेशन पर वाहन उपलब्ध कराकर फरार होने में मदद करता था।
आरोपियों के कब्जे से नगदी 57,000 रुपये, 02 तोला सोने के जेवरात, 01 चांदी का ब्रेसलेट व 05 मोबाइल फोन बरामद कर जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 4,21,500 रुपये बताई जा रही है। मुख्य आरोपी अभिनव सिंह पूर्व में धोखाधड़ी, चोरी व वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तारी और जेल प्रवास का इतिहास रखता है। आरोपियों के विरुद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 159/26, धारा 305(ए), 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच व अन्य संलिप्त लोगों की पहचान हेतु विस्तृत पूछताछ जारी है। कमिश्नरेट ने ऐसी घटनाओं के शिकार महिलाओं से शिकायत हेतु पुलिस कंट्रोल रूम रायपुर फोन 94791-91099 पर संपर्क करने की अपील की है।




