• Mon. Jun 15th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, महासमुंद/ बागबाहरा छत्तीसगढ़

15 जून 2026 । महासमुंद के बागबाहरा में आयोजित एक दिवसीय प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन कार्यशाला में प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने रासायनों के अत्यधिक प्रयोग पर रोक लगाने और पारंपरिक कृषि अपनाने का आह्वान किया।

विवरण:: बदलते दौर में रसायनों के अत्यधिक उपयोग से बंजर होती धरती को बचाने और आम जनमानस को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में जिला किसान मोर्चा के तत्वावधान में बागबाहरा कृषि उपज मंडी प्रांगण में एक दिवसीय ‘प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के अनुरूप पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुई।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि समय आ गया है कि हम अपनी पारंपरिक खेती की ओर लौटें। रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति समाप्त हो रही है। प्राकृतिक खेती अपनाकर लागत कम की जा सकती है और नागरिकों को जहरमुक्त, पौष्टिक अन्न उपलब्ध कराया जा सकता है। सरकार किसानों को तकनीकी और आर्थिक सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विशिष्ट अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधानसभा प्रतिनिधि डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक खेती आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और धरती की रक्षा के लिए आवश्यक है। डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि आज अस्पतालों में बढ़ती बीमारियों का एक बड़ा कारण भोजन में शामिल रासायनिक तत्व हैं। गाय के गोबर और गौमूत्र पर आधारित जीवामृत और अन्य प्राकृतिक खादों को अपनाने से जमीन का ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ेगा और कम पानी में भी बेहतर उपज संभव होगी।
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों ने जीवामृत, बीजामृत और घनजीवामृत बनाने की लाइव विधि दिखाई। मीडिया से बात करते हुए डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि रासायनिक खेती से किसानों की लागत बढ़ रही है और यह खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। प्राकृतिक खेती में महंगे इनपुट की आवश्यकता नहीं रहती, जिससे लागत घटती है। वैश्विक मांग में वृद्धि के कारण ऑर्गेनिक उत्पादों को प्रीमियम मूल्य मिल सकते हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए बेहतर मार्केट प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में संभाग सहप्रभारी राजीव सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा एतराम साहू, पूर्व विधायक पूनम चंद्राकर, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, अध्यक्ष बीज निगम चन्द्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह दीवान, जिला महामंत्री थान सिंह दीवान, जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, अध्यक्ष जिला पंचायत मोंगरा पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा अल्का चंद्राकर, अध्यक्ष किसान मोर्चा पिलेश्वर पटेल, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा स्मिता हितेश चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमशंकर पटेल, नरेश चंद्राकर, सतपाल सिंह छाबड़ा, मंडल अध्यक्ष डिम्पल डॉली ध्रुव, मंडल अध्यक्ष रूपेश साहू, मंच संचालक चंद्रशेखर ध्रुव, जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव, सह मीडिया प्रभारी आनंद साहू, मंडल अध्यक्ष पिथौरा ग्रामीण नीलकंठ साहू, जिला महामंत्री किसान मोर्चा माधव साव, जिला महामंत्री किसान मोर्चा प्रदीप चंद्राकर, जिला किसान मोर्चा के पदाधिकारी, तथा कृषि विभाग के आला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You Missed