अमृत टुडे, रायगढ़ छत्तीसगढ़
14 अगस्त 2026 । रायगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ भव्य यात्रा निकाली गई; वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने यात्रा में शामिल होकर शहीदों को नमन किया और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
विवरण :: रायगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क पहुंची।

मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान लगातार बढ़ा है। ओपी चौधरी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को तेजी से मजबूत बनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग करें।




