Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले व्यवसायियों तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है।
विवरण : मालवीय रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने हेतु गठित यातायात पुलिस की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर दुकान का सामान बाहर निकालकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों एवं व्यवसायियों को समझाइश दी गई।

यातायात पुलिस द्वारा लगातार समझाइश के बावजूद नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई। आज की कार्यवाही के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 09 वाहनों को यातायात पुलिस की क्रेन के माध्यम से हटाकर चालानी कार्यवाही की गई। एमजी रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। संयुक्त कार्यवाही के दौरान दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ की ओर बाहर निकालकर रखे गए डमी पुतलों एवं अन्य सामान को जब्त किया गया। साथ ही दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर रखे गए सामान को अंदर करवाते हुए सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यातायात पुलिस द्वारा व्यापारियों से अपील की गई है कि सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में पुलिस एवं नगर निगम का सहयोग करें।




