Amrit Today, Raipur Chhattisgarh
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकभवन में दोनों युगपुरुषों को नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नशामुक्ति पदयात्रा समापन, खादी ग्रामोद्योग सम्मेलन और स्वास्थ्य रक्तदान शिविर सहित विभिन्न जन-सरोकारी कार्यक्रमों में भाग लिया। टिकरापारा में स्वास्थ्य जांच व रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर स्वच्छता की शपथ दिलाई।
विवरण: सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक पुरन्दर मिश्रा द्वारा आयोजित नशा मुक्त पदयात्रा के समापन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यपाल रमेन डेका के साथ सम्मिलित हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा टाउन हॉल, शास्त्री चौक से खजाना चौक पहुंचकर संपन्न हुई। सांसद ने कहा कि देश का इतिहास साक्षी है कि जब भी कोई बड़ा सामाजिक परिवर्तन आया है, वह यात्राओं के माध्यम से ही संभव हुआ है। खादी ग्रामोद्योग सम्मेलन में स्थानीय कारीगरों के सशक्तिकरण पर बल दिया। कहा कि छत्तीसगढ़ के कोसा और हस्तशिल्प की ख्याति देश-विदेश में है, आवश्यकता है तो बस बुनकरों, कुम्हारों और लोहारों को बड़ा बाज़ार उपलब्ध कराने की। गांव को पूरी तरह स्वावलंबी बनाना होगा। स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की क्लस्टर स्तर पर गुणवत्ता और ब्रांडिंग सुनिश्चित की जाए। नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल, टिकरापारा में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
