Amrit Today, kabirdham Chhattisgarh
कबीरधाम जिले में आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने झांसी, उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी सौरभ कुशवाहा ने फर्जी एपीके इंस्टॉल कराकर बैंकिंग और युपीआई संबंधी जानकारी प्राप्त कर खातों से रकम निकाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किराये के मकान से आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से दो मोबाईल, फर्जी सिम, बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
विवरण: कबीरधाम जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में साइबर पुलिस थाना द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण कर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। विगत माह में साइबर पुलिस थाना में साइबर पीड़ित उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराये कि उनके बैंक खाता में जारी युपीआई से बिना जानकारी के रकम अन्य युपीआई में ट्रांसफर कर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है।

साइबर थाना में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 13/26 धारा 318(4) बीएनएस के मामले में ठगी की रकम 1.00 लाख रुपये और अपराध क्रमांक 16/26 धारा 318(4) बीएनएस के मामले में ठगी की रकम 96,501 रुपये को प्रार्थी के जानकारी के बिना ठगी किये गये हैं। पीड़ितो के मोबाईल को तस्दीकी करने पर आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम से फर्जी एपीके फाइल प्राप्त हुई जो पीड़ित द्वारा जानकारी के अभाव में इंस्टाल किया जाना पाया गया। इन्ही फाईल के माध्यम से पीड़ित की बैकिंग और युपीआई से संबंधित जानकारी साइबर ठगो के पास पहुंच गई और इनके बैंक खाता में मौजूद रकम को प्राप्त कर ठगी की घटना को अंजाम दिया जाना पाया गया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पर्यवेक्षण अधिकारी साइबर थाना उप पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में साइबर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी और प्रभावी कार्यवाही कर बैंकिग डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निरीक्षक उमाशंकर राठौर साइबर पुलिस थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम झांसी उत्तरप्रदेश रवाना किया गया। टीम द्वारा लगातार पतासाजी और तकनीकी निगरानी के आधार पर संदेही सौरभ कुशवाहा को चिन्हांकित किया गया। पुलिस टीम द्वारा झांसी में संदेही की पतासाजी के दौरान एक किराये के मकान में पहुंची जहां आरोपी साइबर ठगी की गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने से उसे हिरासत मे लेकर पुछताछ करने पर एपीके फाईल के माध्यम से ठगी की घटना को अंजाम दिया जाना स्वीकार किया।
आरोपी सौरभ कुशवाहा पिता नरेन्द्र कुशवाहा उम्र 24 साल साकिन वार्ड नं. 01 खेड़ापति मंदिर के पास ग्राम करेरा थाना करेरा जिला शिवपुरी हाल झांसी उत्तप्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी मोबाईल सीम, बैंक पासबुक, चेक बुक, एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोबाईल हैंडसेट बरामद किया गया है। अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है। साइबर पुलिस थाना कबीरधाम आमजनों से अपील करता है कि मोबाईल पर प्राप्त किसी भी अज्ञात एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। साइबर ठगों द्वारा आरटीओ चालान, पीएम आवास योजना, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, बैंक अपडेट और अन्य शासकीय योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक या एपीके फाइल भेजकर लोगों को अपना शिकार बनाया जा रहा है।




