अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सिटीजन को कस्टमर भी मानें और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता तथा जवाबदेही से पूर्ण करें।
विवरण: सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में प्रमुख सचिव ने रायपुर में इज ऑफ लीविंग और नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उपभोक्ता की तरह मानकर उनकी शिकायतों का विनम्रतापूर्वक और समयबद्ध निराकरण किया जाए।

प्रमुख सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में गोलमोल जवाब पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गरीबों के आवास में गुणवत्ताहीन काम और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में साफ-सफाई की कमजोर व्यवस्था पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को गंदगी की तस्वीरें दिखाकर सफाई की सुदृढ़ और प्रभावी व्यवस्था बनाने की हिदायत दी। लापरवाही पाए जाने पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
सोनमणि बोरा ने जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन मॉर्निंग विजिट करने तथा रिपोर्ट ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और महत्वाकांक्षी योजनाओं की मुख्यालय स्तर पर मॉनिटरिंग करने को भी कहा।
प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग सहित सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।




