अमृत टुडे, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही में नशामुक्ति जागरूकता, शपथ और सामूहिक हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित हुआ।
विवरण : समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और परिवार, मित्रों तथा समाज को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। सामूहिक हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा स्वास्थ्य के साथ शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है।
विशेषज्ञों ने युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासित दिनचर्या, योग, ध्यान और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उन्हें परामर्श व उपचार के लिए प्रोत्साहित करने का भी संदेश दिया गया।




