अमृत टुडे, धरमजयगढ़/रायगढ़, छत्तीसगढ़
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज और गरीब किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब जनजातीय समाज और गरीब किसान एक एकड़ में जितना धान बेचें, उन्हें पूरे 21 क्विंटल का अंतर मिलेगा। यह योजना आगे हर साल चलेगी।
विवरण: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है। राज्य सरकार ने एक बहुत बड़ा क्रांतिकारी फैसला लिया है कि अब जनजातीय समाज और गरीब किसान एक एकड़ में चाहे जितना धान बेचें, उन्हें पूरे 21 क्विंटल का अंतर मिलेगा। यह योजना आगे हर साल चलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना शुरू की है। आज छत्तीसगढ़ के 6691 गांव इस योजना से लाभ पा रहे हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार, बैगा और अबूझमाड़िया के विकास के लिए पीएम जनमन योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि आज कोरवा और बिरहोर की बस्तियों में सड़क बन रही है, पीएम आवास बन रहे हैं, घरों में बिजली और पानी पहुंच रहा है तथा राशन कार्ड बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद महामहिम राष्ट्रपति के पद पर भी जनजातीय समाज की बहन द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई 1857 में शुरू हुई, लेकिन उससे पहले ही जनजातीय समाज के महापुरुषों ने आजादी की लड़ाई शुरू कर दी थी। शहीद वीरनारायण सिंह, गुंडाधूर और गेंदसिंह जैसे जनजातीय समाज के 14 महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। नवा रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय में इन 14 विद्रोहों का चित्रण किया गया है।



