17 नवम्बर 2024
अमृत टुडे। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया है. उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह लोगों से किए गए वादों को पूरा ना करना बताया है. इसे लेकर उन्होंने केजरीवाल को चिट्ठी लिखी है.

कैलाश गहलोत वही मंत्री हैं जिन्हें दिल्ली के उपराज्यपाल ने 15 अगस्त के मौके पर अरविंद केजरीवाल की जगह दिल्ली सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में झंडा फहराने का अवसर दिया था. उस समय गहलोत को आतिशी के ऊपर तरजीह दी गई थी, जिनकी अनुशंसा केजरीवाल ने जेल से की थी. उपराज्यपाल सचिवालय ने तर्क दिया था कि गहलोत गृह विभाग के प्रभारी हैं, इसलिए दिल्ली पुलिस की परेड में सलामी लेना उनके लिए उपयुक्त है |

दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा भूचाल उस समय आया जब केजरीवाल सरकार के वरिष्ठतम मंत्रियों में से एक, कैलाश गहलोत ने अचानक इस्तीफा दे दिया. उनके इस अप्रत्याशित कदम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. राजनीतिक विशेषज्ञ इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या गहलोत का इस्तीफा वास्तव में अचानक लिया गया फैसला है या इसकी पृष्ठभूमि पहले से ही तैयार की जा रही थी |
केजरीवाल को लिखी चिट्ठी में कैलाश गहलोत ने कहा, ‘मैं आपको बताना चाहता हूं कि आज आम आदमी पार्टी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है. पार्टी के सामने उन्हीं मूल्यों की चुनौतियां हैं जो हमें AAP में एक साथ लेकर आए थे. राजनीतिक महत्वाकांक्षा लोगों के प्रति प्रतिबद्धता से आगे निकल गई है और कई वादे अधूरे रह गए हैं.’

