• Tue. Mar 31st, 2026
Spread the love

मोहला : जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जागरूकता चिल्हाटी में वाटर शेड रथ यात्रा का आयोजन

मोहला 6 अप्रैल 2025

अमृत टुडे/ भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग द्वारा जल और भूमि संसाधनों के संरक्षण और सतत उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 अप्रैल 2025 को जिला-मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंबागढ़ चौकी विकासखंड ग्राम चिल्हाटी में जल ग्रहण परियोजना के अंतर्गत माइक्रोवॉटर शेड क्षेत्र में वाटर शेड रथ यात्रा का आयोजन किया गया।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जलग्रहण क्षेत्रों में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना था। यात्रा का स्वागत स्थानीय ग्रामीणों, महिला स्व सहायता समूहों, बच्चों और किसानों ने बड़ी खुशी से किया और इस अभियान को लेकर उनके बीच गहरी जागरूकता देखी गई।

कार्यक्रम के दौरान रंगोली, श्रमदान, जल संरक्षण पर सांस्कृतिक नृत्य, रैली और पानी की पाठशाला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने जल संरक्षण के महत्व को समझाते हुए जल बचाने के उपायों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपुरे, जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के अध्यक्ष पूनऊराम फूलकैरे, जनपद सदस्य श्यामलाल चंद्रवशी, पवन तुलावी, ग्राम पंचायत चिल्हाटी की सरपंच डिम्पल मंडावी, सरपंच कन्हैया नेताम, टिकम सिंह ठाकुर, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, संत लाल देशलहरे, परियोजना अधिकारी, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। साथ ही जल ग्रहण समिति के सदस्य और क्षेत्र के जल ग्रहण परियोजना, अम्बागढ़ चौकी के 10 ग्रामो के कृषक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम में 50 महिला स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने जल संरक्षण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दिखाई और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह आयोजन जल संरक्षण को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जो न केवल वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल के महत्व को समझाने में सहायक साबित होगा।

Leave a Reply