• Tue. Jun 9th, 2026

धमतरी पुलिस ने चलाया विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण, सीसीटीवी व स्ट्रांग रूम सहित सभी मानकों का औचक ऑडिट…..

Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

09 जून 2026। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में आयोजित विशेष निरीक्षण अभियान में बैंक सुरक्षा का सघन एवं औचक ऑडिट किया गया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के राष्ट्रीयकृत व निजी बैंक शाखाओं का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे, जिनका पालन कर संबंधित इकाइयों ने समुचित निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज क्षमता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति व सतर्कता, मुख्य प्रवेश–निकास द्वारों की व्यवस्था, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा आपातकालीन सुरक्षा प्रबंधों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। बैंक कर्मचारियों व प्रबंधकों से संवाद कर आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए गए तथा नियमित रखरखाव व मानक अग्नि-विरोधक उपायों पर बल दिया गया।

पुलिस टीम ने बैंक परिसरों में आने–जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर निरन्तर निगरानी रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन के उपाय अपनाने, सीसीटीवी व अन्य सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तात्कालिक सूचना निकटतम पुलिस थाना को देने की हिदायत दी। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस सहायता त्वरित मांगने व तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में बैंक स्टाफ व सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर करने हेतु सुझाव भी दिए गए, जिनके शीघ्र पालन हेतु बैंक प्रबंधन को निर्देशित किया गया है। धमतरी पुलिस समय-समय पर बैंकों, एटीएम केंद्रों व अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों पर औचक निरीक्षण चलाती रहती है ताकि सुरक्षा व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन किया जा सके व संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों की सुरक्षा, वित्तीय संस्थाओं की संरक्षा व जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिये अपनी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के सरप्राइज निरीक्षण व सुरक्षा समीक्षा अभियान नियमित रूप से चलाये जाएंगे, ताकि जिले में सुरक्षित व भरोसेमंद बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

You Missed