अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़
19 जुलाई 2026 । रायपुर से रवाना हुआ 14 सदस्यों का मीडिया दल अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, लोथल एवं अनेक औद्योगिक तथा तकनीकी संस्थानों का अवलोकन करेगा। यह यात्रा सटीक, निष्पक्ष और जनहित पर केंद्रित रिपोर्टिंग को सक्षम बनाएगी।
विवरण : पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा संचालित पाँच दिवसीय अध्ययन दौरे में छत्तीसगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल व सोशल मीडिया से जुड़े 12 पत्रकार तथा कार्यालय के दो अधिकारी शामिल हैं। दल अहमदाबाद में पत्र सूचना कार्यालय का भ्रमण करेगा तथा महात्मा गांधी के कोचरब आश्रम, मुंबई-अहमदाबाद उच्च गति रेल परियोजना, साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और माइक्रोन सेमीकंडक्टर संयंत्र का अवलोकन करेगा।

लोथल में सिंधु घाटी की विरासत तथा विकसित राष्ट्रीय समुद्री संरक्षण परिसर का निरीक्षण होगा। आणंद के सफल सहकारी डेयरी मॉडल और आईओसीएल रिफाइनरी की आधुनिक प्रक्रियाएँ दल को ऊर्जा व खाद्य क्षेत्र की प्रगति से परिचित कराएँगी। दल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी व सरदार सरोवर बाँध जाकर जल संसाधन, सिंचाई व पर्यटन विकास के विविध आयामों का अध्ययन करेगा। अंतिम चरण में दल फॉरेंसिक विज्ञान व साइबर सुरक्षा के नवाचारों हेतु राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और वित्तीय प्रौद्योगिकी केन्द्र का भ्रमण करेगा, जिससे पत्रकारों की तथ्याधारित रिपोर्टिंग सशक्त होगी।




