अमृत टुडे, रायपुर छत्तीसगढ़/नई दिल्ली
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा समिट एवं प्रदर्शनी 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा और संपीड़ित जैव गैस के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
विवरण : भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा समिट एवं प्रदर्शनी 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सौर ऊर्जा और संपीड़ित जैव गैस के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निश्चित रूप से बेहतर कार्य करेगा।

इस चार दिवसीय वैश्विक समिट में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, निवेशक और विशेषज्ञ उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों की उच्चस्तरीय चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता, हरित ऊर्जा परियोजनाओं और निवेश के अवसरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य अगले पांच वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं देख रहा है। इसमें 1.33 लाख करोड़ रुपये नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 23 हजार 923 मेगावाट है। राज्य का लक्ष्य वर्ष 2030 तक हरित ऊर्जा क्षमता को 15 हजार मेगावाट तक पहुंचाना है।
छत्तीसगढ़ कृषि अपशिष्ट, गोबर और अन्य जैव संसाधनों से संपीड़ित जैव गैस, जैव-इथेनॉल तथा हरित हाइड्रोजन उत्पादन की संभावनाओं का दोहन कर रहा है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से राज्य की ऊर्जा यात्रा में भागीदारी का आह्वान किया। उनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ निवेश के आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।



