• Sat. Nov 14th, 2026
Spread the love

अमृत टुडे, धमतरी छत्तीसगढ़

धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में ट्रक की टंकी से डीजल चोरी करने वाले चालक और चोरी का डीजल खरीदने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 लीटर चोरी का डीजल, कीमत लगभग 10,240 रुपये, तीन जरकिन डिब्बों में बरामद किया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई जारी है।

विवरण : धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में ट्रक की टंकी से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में थाना कुरूद पुलिस ने ट्रक चालक अजय ध्रुव उर्फ अज्जू और चोरी का डीजल खरीदने वाले लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 13 नवंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्रार्थी राहुल कुमार यादव ने थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी माता सुमित्रा देवी यादव के नाम पंजीकृत ट्रक क्रमांक CG 04 RA 1168 की देखरेख वे करते हैं। 10 नवंबर को चालक अजय ध्रुव को रायपुर से बचेली माल भरने के लिए भेजा गया था, लेकिन वह बचेली न जाकर कुरूद स्थित पुरुषोत्तम पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर दिया।

11 नवंबर की रात्रि लगभग 1 बजे आरोपी चालक ने ट्रक को ग्राम चरमुड़िया उपस्वास्थ्य केंद्र के पास ले जाकर टंकी से लगभग 130 लीटर डीजल, कीमत करीब 13,280 रुपये, चोरी किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 394/2026, धारा 316(4) एवं 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना में पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने लगभग 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन में निकालकर लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को 6,800 रुपये में बेच दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी के कब्जे से 100 लीटर डीजल और तीन जरकिन डिब्बे बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किए।

चोरी की संपत्ति खरीदने का अपराध पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। धमतरी पुलिस ने वाहन मालिकों से अपने वाहनों और ईंधन की नियमित निगरानी रखने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply